पति की हत्या की साजिश में पत्नी गिरफ्तार! प्रेमी सहित दो नामजद आरोपित को पुर्व में ही भेजा जा चुका है जेल
समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के गावपुर पंचायत अंतर्गत छतवारी गांव निवासी 23 वर्षीय सुमन कुमार हत्याकांड में, पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस जांच में हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी की भी संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
आपको बता दें कि, गावपुर पंचायत के छतवारी गांव निवासी, सुरेश दास के पुत्र सुमन कुमार का शव 4 जून को बेलारी हाईस्कूल के समीप एक परवल के खेत से बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक की मां रंजन देवी के आवेदन पर उजियारपुर थाना में कांड संख्या 223/26 दर्ज किया गया था। जिसमें लखनीपुर महेशपट्टी वार्ड 14 निवासी अमन कुमार तथा छतवारी गांव निवासी राजू दास को घटना के दो दिन बाद ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
मृतक की मां ने अपने आवेदन में आरोप लगाया था कि, घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे अमन कुमार और राजू दास उसके पुत्र सुमन को घर से बुलाकर ले गए थे। उसी दिन शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि बेलारी हाईस्कूल के पास एक परवल के खेत में सुमन का शव पड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों ने उसके पुत्र की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी और आरोपी अमन कुमार के बीच बातचीत होती थी तथा दोनों के बीच कथित अनैतिक संबंध थे। इसी बिंदु को आधार बनाकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। अनुसंधान के दौरान पत्नी की कथित संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर शनिवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
