तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन भाई-बहनों को मारी टक्कर, युवती की मौत
उजियारपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के माधोडीह गांव के पास सातनपुर-सरायरंजन मुख्य पथ पर शनिवार 5 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुई भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवती समेत तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और बहन गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों घायलों का इलाज सातनपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों भाई-बहन एक ही बाइक पर सवार होकर उजियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव से अपने घर मोहिउद्दीननगर जा रहे थे। इसी दौरान माधोडीह गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो की चपेट में आई एक युवती वाहन के साथ करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद सरायरंजन थाना क्षेत्र के करिहारा गांव के पास युवती का शव वाहन से अलग होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर उजियारपुर थाने में कार्यरत डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती व युवक को इलाज के लिए सातनपुर स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। वहीं, घटना का एक हिस्सा सरायरंजन थाना क्षेत्र के करिहारा गांव में होने के कारण सरायरंजन पुलिस भी मौके पर पहुंची।
सरायरंजन पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान व तलाश में जुटी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। खबर लिखे जाने तक मृत युवती व घायल युवक व युवती की पहचान नही हो पायी थी।


