बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत, मायके पक्ष ने पति समेत तीन पर लगाया हत्या का आरोप

मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बेला स्थित एक आवास में दरभंगा के जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने पति, सास और ननद पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय अमृता कुमारी, पत्नी मनोज कुमार, बीडीओ, जाले प्रखंड (दरभंगा) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग बेल कन्हौली मोड़ स्थित आवास पहुंचे और अमृता को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मायके वालों का आरोप है कि अमृता को उसके पति, सास और ननद द्वारा लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का यह भी दावा है कि मनोज कुमार का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
उनका कहना है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद तीनों आरोपितों ने मिलकर अमृता को जहर देकर उसकी हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
टाउन-1 एसडीपीओ सुरेश कुमार ने बताया कि महिला का शव कमरे से बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


