फ्लिपकार्ट कार्यालय पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, 1.49 लाख रुपये की लूट, CCTV का DVR भी उखाड़ ले गए बदमाश

समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलोथ स्थित फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय कार्यालय में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर 1 लाख 49 हजार 7 सौ रुपये लूट लिये, और आराम से भाग निकले। बदमाशों की संख्या चार बतायी जा रही है, जो दो बाईक पर सवार होकर आए थे। घटना की सुचना मिलते ही मुसरीघरारी व मुफस्सिल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया, तथा फ्लिपकार्ट कर्मियों से पुछताछ के आधार पर मिली जानकारी के आधार पर जांच में जुट गयी है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने फ्लिपकार्ट कार्यालय में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ लेते चले गए। देर शाम को ही हुई इस लूट की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार्यालय में पार्सल वितरण व कार्यालय से संबंधित लेखा-जोखा का काम चल रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे चार नकाबपोश अपराधियों ने कार्यालय में धाबा बोल दिया।कार्यालय के अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने फ्लिपकार्ट के सभी कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए, सभी कर्मचारियों को कार्यालय के एक कोने में बिठा दिया।
सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में लेने के बाद अपराधियों ने कार्यालय के काउंटर और गल्ले में रखे नकदी करीब 1,49,700 रुपये लूट लिए, और जाते समय कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काटकर डीवीआर व हार्ड डिस्क निकाल कर मौके से फरार हो गए।
मुसरीघरारी की ओर भाग निकले सभी अपराधी
घटना को अंजाम देने के बाद सभी चारों बदमाश मुसरीघरारी की ओर भाग निकले। बदमाशों के भाग जाने के बाद फ्लिपकार्ट के कर्मचारियों ने शोर मचाया, और घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह तथा मुसरीघरारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जूट गयी है।




