पिकअप से 531 लीटर शराब बरामद, चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर। हसनपुर थाना क्षेत्र के दूधपुरा बाजार में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान, हसनपुर पुलिस ने शराब की बड़ी खेप लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। तलाशी के दौरान वाहन से अलग-अलग ब्रांड की 59 पेटियों में कुल 531 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि पुलिस को देखते ही पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हसनपुर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर अमोद कुमार सिंह को शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत ने पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
जिसके बाद सब-इंस्पेक्टर अमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में धर्मेंद्र सिंह एवं अन्य पुलिस बल दूधपुरा बाजार पहुंचे। जहां पुलिस टीम को देखते ही पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गयी। इस दौरान पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 531 लीटर है।




